भास्कर न्यूज | बारां कोई भी रामकाज हो उसके लिए नगर परिषद का नव निर्वाचित बोर्ड हमेशा सहयोग करता रहेगा। महावीर कला मंडल संस्थान की ओर से रामलीला के आयोजन में परिषद की ओर से कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। नगर परिषद के पूर्व सभापति कमल राठौर रविवार को प्रताप चौक पर आयोजित हो रही रामलीला समारोह के उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। इससे पहले पूर्व सभापति कमल राठौर, उप सभापति तेजस सुमन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर आयोजन का शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व सभापति राठौर ने कहा कि हमें गर्व है कि महावीर कला मंडल संस्थान इस आयोजन को गत 68 सालों से अनवरत करवाता आ रहा है। रामलीला का हिंदू धर्म में काफी महत्व है। आमजन को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को यथार्थ जीवन में उतारना चाहिए। उन्होंने रामलीला का स्वरूप और भव्य बनाने के लिये यथा संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उप सभापति तेजेस सुमन ने कहा कि राम चरित्र मानस का प्रत्येक पन्ना हमें जीवन जीने की कला सिखता है। राम हमारे आदर्श थे और उन्होंने किस तरह से पितृ भक्ति कर अपने जीवन में कष्ट उठाएं और मर्यादा पुरुषोत्तम बने। उद्घाटन सत्र के बाद मंच से हनुमान चालीसा का रोचक प्रस्तुतिकरण दिया गया और प्रथम दिन शंकर पार्वती संवाद का मंचन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित दर्शकों ने भवई नृत्य और शिव पार्वती संवाद का भरपूर आनंद उठाया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्यामसुंदर बंसल, हंसराज गेरा, नरेश राठौर, धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य कलाकारों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। अध्यक्ष योगेश गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संरक्षक श्यामसुंदर बंसल ने बताया कि आज रामलीला में रावण बाणासुर संवाद और सीता स्वयंवर की आकर्षक प्रस्तुति होगी।