त्रिनेत्र गणेश जी महाराज के दर्शन के लिए रणथंभौर की ओर जाने वाले पदयात्रियों से इन दिनों हाइवे पर आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। हाथों में आस्था के ध्वज और जुबां पर गणपति के जयकारे लिए बड़ी संख्या में पदयात्री भाड़ौती से होकर रणथंभौर की ओर बढ़ रहे हैं। पदयात्रियों की सेवा के लिए भाड़ौती सहित आसपास क्षेत्र में गणेश भक्तों ने हाइवे के किनारे जगह-जगह भंडारे लगाए हैं और उनकी आवभगत में पलक-पांवड़े बिछा दिए हैं। मलारना चौड़ से सवाई माधोपुर पदयात्रियों के लिए जगह-जगह भंडारे लगे हुए हैं भाड़ौती पुलिस चौकी के सामने त्रिनेत्र रणत भंवर गणपति सेवा समिति एवं नवयुग मंडल शेषा की ओर से भंडारा लगाया गया है। यहां पदयात्रियों के लिए जलेबी, पूरी-सब्जी सहित भोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं बड़ौदा बैंक के पास त्रिनेत्र भंवर सेवा मंडल की ओर से रोटी और लहसुन की चटनी की रसोई लगाई गई है। भंडारों में गणेश भक्त पदयात्रियों को भोजन कराने के साथ उनकी जरूरतों का भी ध्यान रख रहे हैं। मेडिकल सुविधा और शुद्ध पानी की भी व्यवस्था पदयात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न सेवा समितियों और गणेश भक्तों की ओर से मेडिकल सुविधा तथा शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। रास्ते में थकान से परेशान पदयात्रियों को पानी और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि गणेश जी के भक्तों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। भाड़ौती कस्बे में आज दिखेगा आस्था का महासंगम गुरुवार को करीब 10 हजार पदयात्रियों के भाड़ौती में रात्रि विश्राम करने की संभावना है। इस दौरान गांव में भजन संध्या सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। पदयात्रियों के पहुंचने से भाड़ौती का माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहेगा। हाइवे से गुजरते पदयात्रियों के जत्थे, हाथों में लहराते आस्था के ध्वज और गूंजते गणपति के जयकारे पूरे क्षेत्र को धार्मिक रंग में रंग रहे हैं।