न्यायालय खानपुर के आदेश की पालना में नगर पालिका ने गुरुवार को लगने वाला साप्ताहिक हाट बाजार मेला ग्राउंड में शिफ्ट कर दिया। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष कांता साहू की पहल पर हाट बाजार को नए स्थान पर व्यवस्थित तरीके से लगाया गया। मुख्य रोड पर पंचायत समिति परिसर से अटरू रोड तक हाट बाजार लगने से न्यायालय, पंचायत समिति, सहकारी समिति, राजीव सेवा केंद्र के आसपास आवाजाही रुकती थी। फल-सब्जियों के ठेले, दूसरी दुकानें लगती थीं। मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बनती थी। आमजन, राहगीरों को परेशानी होती थी। नगर पालिका प्रशासन के मुताबिक अब आगामी गुरुवार से साप्ताहिक हाट बाजार मेला ग्राउंड में ही लगेगा। मुख्य सड़क की सीमा में हाट बाजार नहीं लगेगा। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी। न्यायालय, दूसरे सरकारी दफ्तर आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। नगर पालिका ने दुकानदारों, ठेला संचालकों से अपील की है कि मुख्य रोड पर दुकानें या ठेले नहीं लगाएं। तय मेला ग्राउंड में ही व्यापार करें। प्रशासन ने मेला ग्राउंड में आगे चलकर प्रकाश व्यवस्था कराने की बात कही है। इससे दुकानदारों, बाजार आने वालों को सुविधा मिलेगी।