ग्राम पंचायत कांकराला की विरधाणियों की ढाणी में पिछले दो माह से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। प्रधानमंत्री जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक परिवार ने करीब 3-3 हजार रुपए जमा करवाकर घर-घर नल कनेक्शन लिए, लेकिन कनेक्शन होने के बावजूद नियमित पानी नहीं पहुंच रहा है। मजबूरी में ग्रामीण 1500 रुपए तक खर्च कर टैंकरों से खारा पानी खरीदकर पीने के लिए ला रहे हैं। इस वर्ष पर्याप्त बारिश नहीं होने से घरों के टांके व तालाब भी सूख चुके हैं। सामान्य दिनों में इन्हीं जल स्रोतों से ग्रामीणों व पशुओं की पानी की जरूरत पूरी हो जाती थी, लेकिन बारिश की कमी से अब पेयजल संकट गहरा गया है। एक ओर किसान अकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं, वहीं ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पेयजल समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ढाणी में नियमित व सुचारु पेयजल आपूर्ति शुरू करवाने तथा समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।