जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। जिला कांग्रेस संगठन के महासचिव राजेंद्र शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान देश की मतदाता सूचियों से लाखों नाम हटाए गए। शर्मा ने मांग की कि मतदाता सूची से नाम हटाने और कथित वोट चोरी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले दिनों में इस मुद्दे को सड़कों से लेकर चुनाव आयोग कार्यालय और संसद तक उठाएगी। अभियान को ब्लॉक और बूथ स्तर तक ले जाने की योजना है। पार्टी कार्यकर्ता वार्डों में और घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष डॉ. नंदसिंह राठौड़, जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओम पाठक, जिला कांग्रेस सचिव नफीस शेख, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता भगवती प्रकाश मौजूद रहे।