केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से आगरा में आयोजित राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम केंद्रीय विद्यालय हनुमानगढ़ के तीन विद्यार्थियों ने जूडो में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने 2 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में युगांक (कक्षा 12-B) और मोहित यादव (कक्षा 11-B) ने रजत पदक हासिल किए, जबकि नव्या विश्नोई (कक्षा 12-A) ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य रामचंद्र देहाड़ू ने विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इसे विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन देने तथा आवश्यक सुविधाएं और सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराने के प्रयासों का परिणाम बताया। प्राचार्य के अनुसार, ऐसी उपलब्धियां विद्यालय की खेल संस्कृति को मजबूत करती हैं और अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए आगे भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार ने खिलाड़ियों को अभ्यास और खेल तकनीक से जुड़ा आवश्यक मार्गदर्शन दिया, जिससे प्रतियोगिता की तैयारी में मदद मिली।