टोंक में शनिवार को ए.के. एजुकेशनल सोसायटी की ओर से अली पब्लिक स्कूल में निशुल्क आयुर्वेदिक मेडिकल कैंप आयोजित किया गया। कैंप में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे करीब 200 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क इलाज और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। कैंप में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (NIA), जयपुर के ईएनटी विभाग की डॉ. शम्सा फैयाज के नेतृत्व में पीजी एवं पीएचडी स्टूडेंट्स की चिकित्सा टीम ने सेवाएं दीं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। विशेष रूप से कान, नाक और गले (ईएनटी) से जुड़ी समस्याओं के मरीजों को विशेषज्ञ सलाह दी गई। कार्यक्रम में मुफ्ती आदिल, अली पब्लिक स्कूल प्रबंधन, पूर्व पार्षद जाकिर हुसैन सहित समाजसेवी मौजूद रहे। अतिथियों ने कैंप की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजन को उनके नजदीक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलता है। ए.के. एजुकेशनल सोसायटी की ओर से चिकित्सकों, चिकित्सा टीम, स्कूल मैनेजमेंट और सहयोगकर्ताओं का आभार जताया गया।