टोंक में उप सभापति निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस की फरजाना सईद ने कहा- जनता और क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराना प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उपसभापति के रूप में पहली जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा- मैं अपने कार्य पर पूरा ध्यान केंद्रित करूंगी और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का प्रयास करूंगी। पार्षदों की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाए और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करे, ताकि टोंक शहर के विकास को गति मिल सके। पार्षदों को पेन बांट कर विकास करवाने का दिया संदेश उपसभापति फरजाना सईद ने जीत के बाद अभी पार्षदों को पेन दिए। पार्षदों को पेन बांटने के संबंध में किए सवाल पर कहा- एक विद्यार्थी के जीवन की शुरुआत पेन से होती है और पेन शिक्षा तथा विकास के मार्ग पर आगे बढऩे की सीख देता है। इसी उद्देश्य से सभी पार्षदों को पेन वितरित किए। उन्होंने कहा- पार्षद अपने-अपने वार्ड, शहर और देश के हित में बेहतर से बेहतर कार्य करें और अच्छी बातें लिखें। उनके अनुसार पेन केवल लिखने का साधन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच का प्रतीक भी है। वार्डों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर फरजाना सईद ने कहा- नगर परिषद में आने वाले समय में वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाना जरूरी है। शहर के विकास में पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पार्षद अपने वार्ड के लोगों से जुड़े मुद्दों को परिषद के समक्ष रखे और उनके समाधान के लिए प्रयास करे। उपसभापति के रूप में परिषद की जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभाने का प्रयास करूंगी। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी है, उन उम्मीदों पर खरा उतरना ही प्राथमिकता होगी। साथ ही टोंक शहर के विकास में भूमिका निभाने का प्रयास करूंगी। मेरी जीत के साथ ही नगर परिषद टोंक में सभापति और उपसभापति दोनों पद कांग्रेस के खाते में आ गए हैं। अब शहरवासियों की नजर परिषद के आगामी कामकाज और विकास कार्यों पर रहेगा। शहर में विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे चेयरमैन मयंक गोयल ने कहा- शहरवासियों ने मुझे भरपूर सहयोग दिया है। शहर वासियों ने जिस उम्मीद से चेयरमैन और वाइस चैयरमैन कांग्रेस का बनाया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। शहर की साफ स्वच्छ बनाएंगे। इसका विकास हमारी प्राथमिकता है। सरकार ने लोकतंत्र तोड़ने का काम किया कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सऊद सईदी ने कहा- टोंक के लोगों ने कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया है। शहरी जनता कांग्रेस पार्टी में विश्वास है। हम सब मिलकर टोंक शहर में विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। हमारे नेता राहुल गांधी, सचिन पायलट ने भी युवाओं को राजनीति में ज्यादा अवसर देने की बात कही है। यहां जेनजी युवाओं को मौका दिया है। वह भी महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है । हम चाहेंगे कि आने वाले पंचायत राज चुनावों में भी कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करे और कांग्रेस के जिलाप्रमुख, प्रधान बने। सरकार ने लोकतंत्र को तोड़ने का काम किया है। तानाशाही काम किया है। कई जगह वोट डालने पर बाधा पहुंचाई है।