युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव शेष नारायण ओझा ने कहा कि पार्टी आगामी निकाय और पंचायतीराज चुनावों में अधिक से अधिक युवाओं को चुनाव लड़ने का अवसर देगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की ओर से आगामी चुनाव में 50 प्रतिशत से ज्यादा टिकट युवाओं को दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने और नेतृत्व करने के ज्यादा अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय और पंचायतराज चुनावों में टिकट देने के दौरान युवाओं की वार्ड में पकड़, जनहित से जुड़े कार्यों और पार्टी के प्रति उनकी वफादारी को प्रमुख आधार माना जाएगा। सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में युवा कांग्रेस की ओर से पंचायत टास्क फोर्स कार्यशाला अभियान के तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें ओझा ने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर प्रदेश के युवाओं के लिए सकारात्मक राजनीति के नए अवसर खोल रही है। पार्टी का प्रयास है कि युवा राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएं और नेतृत्व के स्तर पर आगे आएं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कोर्डिनेटर हरिराम सूद भी मौजूद रहे। इस दौरान आगामी नगर निकाय और पंचायतराज चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज गुंजल, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा सहित कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।