DST टीम टोंक और बरोनी थाना पुलिस ने एक बार फिर अवैध मादक पदार्थों से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। डीएसटी टीम और बरोनी थाना पुलिस ने एसपी रोशन मीना के निर्देशन में ऑपरेशन संकल्प नशा मुक्त टोंक अभियान के तहत बरौनी में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब एक लाख रुपए का गांजा पकड़ा है। उसके पास से 29 हजार रुपए से ज्यादा की नगदी, गांजा आदि बरामद किया है। डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि बरोनी थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोला रोड से गांजा लेकर युवक गुजर रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद डीएसटी टीम टोंक और बरोनी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जोला रोड़ से गुजर रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की। इस दौरान वह सही जानकारी नहीं दे पाया और उसकी बातों से लगा कि वह झूठ बोल रहा है। फिर उसकी चेकिंग को गई। इसमें उसके पास करीब एक लाख रुपए कीमत का 2 किलो 121 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। साथ ही आरोपी के कब्जे से 29 हजार 480 रुपए गांजा खरीद फरोख्त राशि व एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी कालूराम उर्फ नानू मीणा को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बरोनी थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी की जाएगी।