कस्बे की श्याम विहार कॉलोनी में सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बस्तीवासियों ने बताया कि करीब छह माह पहले रेलवे में डबल ट्रैक निर्माण कार्य के दौरान पत्थरों से भरे भारी वाहन इस मार्ग से लगातार गुजरते थे। इससे सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क खराब होने की शिकायत ठेकेदार से की गई थी। उस समय ठेकेदार ने कार्य पूरा होने के बाद सड़क को दोबारा बनवाने का आश्वासन दिया था। छह माह बीतने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई। सांखू रोड से श्याम विहार कॉलोनी तक सड़क की कई जगह से कंकरीट उखड़ चुकी है।