नागौर| मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) नागौर ने मेडिकल कॉलेज नागौर में जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 78 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों को मनदर्पण मॉड्यूल के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य को समझने, तनाव प्रबंधन, भावनात्मक समस्याओं की पहचान और समय रहते मदद लेने के तरीकों पर प्रशिक्षण दिया गया। अंत में सभी विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य की शपथ भी ली। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धीरज बिस्सा के निर्देशन में हुआ। मनोचिकित्सक व डीएमएचपी के जिला नोडल अधिकारी राधेश्याम रोझ और सीनियर रेजिडेंट ईशा चौधरी ने बताया कि शुरुआती संकेतों को पहचानकर परामर्श लेना कई समस्याओं को गंभीर होने से रोक सकता है। डीएमएचपी टीम व कॉलेज स्टाफ के सहयोग से विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण रखने और जरूरतमंद साथियों की मदद के लिए प्रेरित किया गया।