उदयपुर में जहरीले धुएं से परेशान लोगों ने रविवार को बलीचा स्थित ​​डम्पिंग यार्ड के मुख्य गेट का ताला लगा दिया। पंडित दीनदयाल नगर के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। गेट पर ताला लगने से शहरभर का कचरा लेकर पहुंचे करीब 25-30 वाहन अंदर नहीं जा सके। घंटों बाहर ही खड़े रहना पड़ा। माहौल गर्माया तो निगम के सीआई मांगीलाल डांगी जाब्ते के साथ पहुंचे। लोगों को समझाने की कोशिश की। फिर भी लोग नहीं माने और धुएं के स्थाई समाधान की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद निगम ​के डिप्टी मेयर दिनेश भट्ट मौके पर पहुंचे। लोगों ने उन्हें बताया कि डम्पिंग यार्ड से रोज उठने वाला धुआं कॉलोनी तक पहुंचता है। धुएं के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। बच्चे और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हो रही हैं। डिप्टी मेयर ने लोगों को शिकायत सुनी और समस्या का जल्द से जल्द स्थाई समाधान करने का आश्वासन दिया। विधायक, कलेक्टर-आयुक्त को कई बार कर चुके शिकायत लोगों ने बताया कि पंडित दीनदयाल नगर की दूरी डम्पिंग यार्ड से महज 100 मीटर है। कॉलोनी में करीब 350 से ज्यादा परिवार रहते हैं। रोज धुएं की समस्या से लोगों खिड़की-दरवाजे बंद करना रहना पड़ता है। मास्क लगाकर बाहर निकलना पड़ता है। इस समस्या को लेकर वे ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, कलेक्टर और निगम आयुक्त को कई बार बता चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया। अगर जल्द समस्या का स्थाई समधान नहीं होता है तो वापस पूरे दिन के लिए गेट बंद करके उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।