उदयपुर नगर निगम के क्वार्टर की छत से गिरकर एक अकाउंटेंट की मौत हो गई। भूपालपुरा इलाके में सोमवार रात 3 बजे छत पर टहलते समय मोबाइल देखते रहे थे। इस दौरान अकाउंटेंट दिलीप सिंह चौहान का अचानक बैलेंस बिगड़ गया और वे बिल्डिंग की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक दिलीप सिंह चौहान(39)/पुत्र गजेन्द्र सिंह मूल रूप से वलाई गांव बेणेश्वर, जिला डुंगरपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में उदयपुर नगर निगम में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत थे। वे नगर निगम के क्वार्टर में पत्नी और दो बेटियों के साथ रहते थे। जब हादसा हुआ तब पत्नी और दोनों बच्चे नीचे सो रहे थे। मोबाइल देखते समय तीसरी मंजिल से गिरे अकाउंटेंट मृतक के पिता गजेंद्र सिंह ने बताया कि दिलीप सिंह के दो बच्चियां हैं। बड़ी बेटी 5 साल की है, जबकि दूसरी बेटी 1 साल की है। बड़ी बेटी नर्सरी में पढ़ती है। उन्होंने बताया कि बीती रात करीब 3 बजे जब ये हादसा हुआ, तब बहू और दोनों बेटियां नीचे सो रही थी। तब दिलीप फोन पर बात करते-करते बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर चला गया। फिर मोबाइल पर वीडियो देखने लग गया। यहां छत पर करीब ढाई फीट की दीवार थी। तभी अचानक मोबाइल देखते-देखते उसका बैलेंस बिगड़ गया और वो तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। अस्पताल पहुंचने के आधे घंटे बाद ही अकाउंटेंट ने तोड़ा दम गजेंद्र सिंह ने बताया कि अचानक तीसरी मंजिल की छत से गिरने की तेज आवाज आई तो बहू और कुछ पड़ोसी बाहर आ गए। इस दौरान उन्होंने देखा कि दिलीप खून से लथपथ नीचे पड़ा हुआ है। गंभीर हालत में तुरंत उसकी पत्नी समेत पड़ोसी अस्पताल ले गए, जहां उसके सिर और कमर में चोटें लगी थी और खून बह रहा था। अस्पताल में आधे घंटे बाद ही उसने दम तोड़ दिया। छत पर टहलते समय मोबाइल देखने के दौरान हादसा भूपालपुरा थाने के जांच अधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि मृतक दिलीप सिंह चौहान बीती रात नगर निगम परिसर में स्थित क्वार्टर की छत पर गए थे। वे छत पर टहल रहे थे और उस दौरान अपने मोबाइल फोन में व्यस्त थे। मोबाइल देखने के दौरान अचानक उनका ध्यान भटका और वे संतुलन बिगड़ने से छत से नीचे गिर गए। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम भंवर सिंह ने बताया कि छत से गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और पत्नी तुरंत घर के बाहर पहुंची। आनन-फानन में उन्हें गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भूपालपुरा थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटना के संबंध में परिजनों और पड़ोसियों से जानकारी ली। ------------ ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में मॉल की 7वीं मंजिल से कूदा स्कूल मालिक:बिना बताए घर से बाइक लेकर निकले; पत्नी से झगड़े के कारण तनाव में थे जयपुर में बनीपार्क स्थित एक प्राइवेट स्कूल के मालिक ने सुसाइड कर लिया। स्कूल मालिक ने एक मॉल की 7वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दी। प्रारंभिक जांच में मृतक का पत्नी से मनमुटाव के चलते तनाव में होना सामने आया है। (पूरी खबर पढ़ें…)