उदयपुर के खेरोदा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर एक दिन पहले बस दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद समाज के लोगों ने आज एमबी हॉस्पिटल मॉर्च्युरी में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लोग परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। इस बीच पुलिस की मौजूदगी में बडाला हुंडई कंपनी के प्रतिनिधियों और परिजनों के बीच वार्ता हुई लेकिन विफल रही। आखिरकार तीन घंटे तक चले धरने के बाद मुआवजे देने को लेकर सहमति बनी। जिसके बाद परिजन शव के पोस्टमार्टम को राजी हुए। इसके बाद पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू की गई। जानकारी अनुसार मृतक शहर के शोभागपुरा निवासी भगवानलाल डांगी पिछले कई साल से बडाला हुंडई शोभागपुरा में ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था। वह बुधवार को एक कार छोड़ने के बाद वापस बस से उदयपुर लौट रहा था। तभी हादसे में उसकी मौत हो गई थी। ओवरटेक करते हुए ट्रेलर से टकराई थी बस हादसा बुधवार को उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर मेनार डाक बंगला के पास हुआ। ​जब तेज रफ्तार बस ओवरटेक करते हुए आगे चल रहे ट्रेलर से भिड़ गई। इसमें एक महिला सहित तीन जनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए थे। टक्कर लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई और अफरा तफरी का माहौल हो गया था। हादसा इतना भीषण था कि बस की छत और कंडक्टर साइड का पूरा हिस्सा उखड़ गया। बस के शीशे, खिड़कियां सहित अन्य पार्ट्स टूटकर बिखर गए। हादसे के बाद करीब एक घंटे हाईवे पर जाम लग गया। बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। ---------------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ी बस, 3 की मौत:छत के साथ कंडक्टर साइड का पूरा हिस्सा उखड़ा; सीटें टूटकर सड़क पर बिखरीं उदयपुर जिले में बुधवार शाम 4 बजे सवारियों से भरी तेज रफ्तार प्राइवेट बस ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे में 3 सवारियों की मौत हो गई और 10 यात्री घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। (पूरी खबर पढ़ें…)