उदयपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच आपस में झगड़ा हो गया। दो कैदियों ने मिलकर एक कैदी को बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। मामले को लेकर पीड़ित बंदी भूताराम पिता धुलाराम निवासी मांडवा की ओर से सूरजपोल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे की है। बताया जा रहा है कि जेल के अंदर किसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई थी। मामला बढ़ा तो आरोपी बंदी नरेन्द्र सैनी उर्फ गुट्या और बंदी यशवंत केवट उर्फ राजा ने भूताराम के साथ मारपीट शुरू कर दी। जेल प्र​हरियों ने मुश्किल से बीच-बचाव कर इन्हें अलग किया। भूताराम के सिर और हाथ पर मामूली चोट लगी है। जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, लगातार मारपीट की घटनाओं से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। 5 माह पहले कैदियों ने जेल प्रहरियों को मारा था उदयपुर जेल में कैदियों की आपस में मारपीट का ये पहला मामला नहीं है। इससे पहले अप्रैल 2026 में भी कैदियों ने जेल प्रहरियों के साथ मारपीट कर दी थी। इस दौरान जेल में मोबाइल और नशे की चीजें मिलने की शिकायत पर प्रहरियों के द्वारा कैदियों की तलाशी ली जा रही थी। तब किसी बात को लेकर कैदियों की बहस हो गई और उन्होंने जेल प्रहरियों से मारपीट शुरू कर दी थी। जेल स्टाफ ने मुश्किल से कैदियों पर काबू पाया था।