उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने चस्का बार रेस्टोरेंट में वकीलों पर जानलेवा हमला करने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान चमनसिंह पिता हीरा सिंह निवासी सवीना खेड़ा, देवेन्द्र उर्फ छोटू पिता रतनलाल निवासी पार्श्वनाथ कॉलोनी और मनोज पिता जगदीश निवासी मुखर्जी चौक खेरादीवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी चमनसिंह के खिलाफ पूर्व में आबकारी अधिनियम, मारपीट और जूआ एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं। जबकि आरोपी देवेन्द्र के खिलाफ सुखेर में जूआ एक्ट का और मनोज के खिलाफ हिरण मगरी थाने में मारपीट का एक मामला दर्ज है। रेस्टोरेंट में बुकिंग कराने गए वकीलों पर हमला थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को एडवोकेट निलेश शर्मा और अनिल मीणा सेक्टर-11 स्थित चस्का बार रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी की बुकिंग कराने गए थे। वहां काउंटर पर बात करते समय कुछ लोग तेज आवाज में बात कर रहे थे। वकील अनिल मीणा ने जब उन्हें धीरे बात करने को कहा तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। अचानक अनिल मीणा पर लोहे के सरिए व बोतलों से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर निलेश शर्मा के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर​ लिया। वकीलों पर आ​पत्तिजनक टिप्प्णी करने वाला भी गिरफ्तार सवीना थाना पुलिस ने एडवोकेट पर हुए हमले के मामले में सोशल मीडिया पर आ​पत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी चंदनसिंह पिता केसरसिंह निवासी खेड़ा सर्कल को भी गिरफ्तार किया है। इसे लेकर वकीलों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया था।