‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर उदयपुर में कांग्रेस ने मंगलवार को चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारेबाजी के साथ कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार से लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त को निशाने पर लिया। शहर एवं देहात जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता कोर्ट चौराहे से विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और पुतला दहन किया। कोर्ट चौराहा से शुरू हुआ विरोध मार्च शास्त्री सर्कल और दिल्ली गेट होते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को निशाने पर लिया गया था। पहले चार तस्वीरों में देखें प्रदर्शन… कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन के दौरान माहौल गरमा गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ सहित कुछ नेता पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की तो कुछ ने नारे लगाते हुए बैरिकेड्स को अंदर की तरफ धक्के मारे। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने वोट चोरी के मुद्दे पर चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताते हुए अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा, मावली विधायक पुष्करलाल डांगी, वल्लभनगर की पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, त्रिलोक पूर्बिया, कांग्रेस नेता लालसिंह झाला, पार्षद लक्ष्मीनारायण मेघवाल, शंकर चंदेल, अरुण टांक, हर्ष पंवार, महिला नेता नजमा मेवाफरोश, दिनेश दवे और पंकज सुखवाल सहित कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।