उदयपुर के डबोक थाना इलाके गुड़ली गांव में बीती रात चोरों ने तीन जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर ठाकुरजी के मंदिर से चांदी के आभूषण और बांसुरी ले गए। वहीं, घाटी मोहल्ले में पूर्णाशंकर जोशी की किराने की दुकान का ताला तोड़ा। हालांकि, चोर यहां अंदर का ताला नहीं टूटने से चोरी में असफल रहे। तीसरी घटना गणेश गमेती के मकान पर घटी। जहां चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे। छानबीन कर पूरा सामान इधर-उधर बिखेर दिया, लेकिन घर में नकदी-जेवर सहित अन्य कीमती सामान नहीं होने से चोरों को खाली हाथ ही लौटना पड़ा। इधर, घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रात में प्रभावी पुलिस गश्त नहीं होने की वजह से चोरों के हौसले बुलंद हैं। 6 चांदी के कड़े, 2-2 मुकुट और बांसुरी ले गए चोर चोर गांव के ठाकुरजी मंदिर में से 4 चांदी के हाथ के कड़े, दो पैर के कड़े, दो छोटे मुकुट, एक बड़ी और एक छोटी बांसुरी चुराकर ले गए। सुबह पुजारी पहुंचा तो घटना का पता लगा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़कर सामान बरामद करने की मांग की है। वहीं, थानाधिकारी गोपाल नाथ के नेतृत्व में पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है।