ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल भुगतान से जोड़ने और उन्हें नियमित रूप से इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक साल में राजस्थान की 3 लाख महिलाओं तक भीम पेमेंट्स एप की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी शुरुआत उदयपुर से हुई, यहां आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की 100 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। ये महिलाएं पहले से ही अपने रोजमर्रा के वित्तीय लेन-देन में भीम ऐप इस्तेमाल कर रही हैं और अब आगे बड़ी संख्या में इन महिलाओं को इससे भुगतान करने के बारे में सिखाया जाएगा। यह पहल ‘यूपीआई फॉर हर 2.0’ कार्यक्रम का हिस्सा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही उनके मन में इसे लेकर भरोसा और आत्मविश्वास बढ़ाना है। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी राजस्थान ग्रामीण बैंक, एनपीसीआई भीम और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने रणनीतिक साझेदारी की है। इस पहल के तहत यह कार्य किया जा रहा है। कई महिलाओं के पास स्मार्टफोन और बैंक खाते होने के बावजूद वे डिजिटल भुगतान का नियमित इस्तेमाल नहीं कर पाती हैं। जानकारी की कमी, तकनीक को लेकर झिझक और डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा को लेकर आशंकाएं इसकी प्रमुख वजह हैं। एनपीसीआई भीम की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिथा नटराज ने कहा कि डिजिटल भुगतान क्रांति का पूरा लाभ उठाने के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। डिजिटल भुगतान से महिलाएं अपने पैसों का बेहतर प्रबंधन कर सकती हैं और वित्तीय सेवाओं तक आसानी से पहुंच बना सकती हैं। राजस्थान ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का ग्रामीण समुदायों के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता है। इस भरोसे को भीम की डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर महिलाओं को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल शुरू करने में मदद मिल सकती है। इससे डिजिटल सुविधाओं का लाभ गांवों और परिवारों तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी। वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग की दक्षिण एशिया प्रमुख कल्पना अजयन् ने कहा कि महिलाओं के डिजिटल वित्तीय सेवाओं से जुड़ने में भरोसे की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को डिजिटल भुगतान में आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। डिजिटल भुगतान के दौरान साइबर धोखाधड़ी से बचने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने जैसे सुरक्षा उपायों की जानकारी महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है।