उदयपुर दाल चावल व्यापार संघ की ओर से 11 अक्टूबर को फ्री चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर का शुभारंभ पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया करेंगे। संघ के महामंत्री राजकुमार चित्तौड़ा ने बताया- कृषि मंडी के एग्रो टॉवर में आयोजित शिविर में अहमदाबाद के प्रतिष्ठित अस्पतालों के 11 विभागों के 23 विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी टीम के साथ सेवाएं देंगे। इन समस्याओं का समाधान मिलेगा शिविर में हड्डी एवं जोड़ रोग, नेत्र एवं रेटिना, हृदय रोग, पेट एवं पाचन तंत्र, गुर्दा एवं पथरी, कैंसर, मस्तिष्क एवं स्नायु तंत्र, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु एवं बाल रोग, त्वचा रोग तथा मधुमेह, थायरॉइड और रक्तचाप संबंधी समस्याओं पर विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा। आवश्यक जांच की सुविधा भी नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। संघ अध्यक्ष गणेश कुमार अग्रवाल ने बताया- शिविर का उद्देश्य आमजन को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं फ्री उपलब्ध कराना है। व्यवस्थाओं के लिए अग्रिम पंजीकरण अनिवार्य रखा गया है। मंत्री मनीष मारू ने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों से पूर्व उपचार से संबंधित पर्चियां, जांच रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय दस्तावेज साथ लाने की अपील की गई है, ताकि चिकित्सक बीमारी की स्थिति को समझकर उचित परामर्श दे सकें।