उदयपुर में रविवार शाम फतहसागर स्थित होटल विन्धम ग्रैंड पैलेस में दैनिक भास्कर और पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) भीलों का बेदला के संयुक्त तत्वावधान में हेल्थकेयर अवॉर्ड-2026 का आयोजन किया गया। चिकित्सा क्षेत्र में समर्पण, विशेषज्ञता और मानवीय संवेदनाओं के साथ सेवाएं दे रहे 100 से ज्यादा डॉक्टरों को इस समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिथि संभागीय आयुक्त खजान सिंह, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने डॉक्टरों को पुरस्कार प्रदान किए। चिकित्सा क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान दे रहे 2 अनुभवी चिकित्सकों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉक्टरों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। चिकित्सा सेवा में योगदान को मिला सम्मान समारोह में आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल जैन, सुपर स्पेशलिटी अधीक्षक डॉ. विपिन माथुर, चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. ओपी रायपुरिया, आईआईएम प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता, नीलकंठ आईवीएफ निदेशक आशीष सूद, अर्थ ग्रुप के डॉ. अरविंदर सिंह, सनराइज ग्रुप चेयरमैन हरीश राजानी सहित चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा सीपीएस व रॉकवुड स्कूल के अनिल और अलका शर्मा, निलिमा ज्वेलर्स के आर्यन सिंगला, विन्धम ग्रैंड पैलेस के जनरल मैनेजर विशाल कपूर, मेवाड़ बीएससी नर्सिंग कॉलेज के पंकज शर्मा, दैनिक भास्कर संपादक नवल सक्सेना और यूनिट हेड सुरेंद्र जांगिड़ समेत अन्य अतिथि भी समारोह में उपस्थित रहे। डॉक्टरों ने मरीजों के विश्वास को समर्पित किया अवॉर्ड सम्मान पाने वाले डॉक्टरों के चेहरों पर उपलब्धि की खुशी के साथ मरीजों के प्रति जिम्मेदारी और सेवा का भाव भी नजर आया। मंच से सम्मानित चिकित्सकों ने पुरस्कार को केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि न बताते हुए अपनी मेडिकल टीम, सहकर्मियों और मरीजों के विश्वास को समर्पित किया। डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों का भरोसा ही उन्हें लगातार बेहतर चिकित्सा सेवा देने के लिए प्रेरित करता है। समारोह में मौजूद अतिथियों ने भी दैनिक भास्कर और पीएमसीएच की ओर से चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों को सम्मानित करने की पहल की सराहना की।