उदयपुर में ज्वेलरी शोरूम से एक करोड़ कीमत की ज्वेलरी चोरी के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया। पुलिस ने यूपी के आगरा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरों ने चंबल के बीहड़ में 3 फीट गहरे गड्डे में चोरी का माल छिपाया था। आरोपियों से 60 लाख रुपए के सोने-चांदी और हीरे की ज्वेलरी बरामद की है। हाथीपोल थाना पुलिस क्षेत्र में पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स शोरूम में 29 जुलाई को चोरी हुई थी। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसमें आरोपी बैग में ज्वेलरी भरते नजर आ रहे थे। 200 सीसीटी खंगालकर पुलिस ने आरोपियों को करीब डेढ़ महीने बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी धनपाल (24) उर्फ धांधु वर्मा, आनंद (26) उर्फ कुकडिया वर्मा और गुड्डू (27) आगरा यूपी के रहने वाले हैं। पुलिस उदयपुर, कोटा, धौलपुर से लेकर आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपियों तक पहुंची। मजदूरी के लिए आए, रेकी की उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- वारदात से करीब 2 महीने पहले आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे। इसी दौरान आरोपियों ने नवीन ज्वेलर्स की रेकी की। इसके बाद गैंग ने अपने अन्य साथियों को उदयपुर बुलाया। फिर पैदल ही गुमानिया नाले में उतरकर ज्वेलर्स के शोरूम में पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। बाकी बचे माल की बरामदगी के प्रयास कर रहे हैं। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन नहीं किया; ट्रेन, बस, टैम्पो से जगह बदलते रहे डॉ. अमृता दुहन ने बताया- वारदात के समय और बाद में आरोपियों ने मोबाइल का इस्तेमाल नहीं किया। कभी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी नहीं करते। वे नकद किराया देकर ही ट्रेन-बसें बदलते थे, ताकि पुलिस को इनका सुराग नहीं मिल सके। पुलिस उदयपुर, कोटा, धौलपुर से लेकर आगरा तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरे खंगालकर आरोपियों तक पहुंची। ये अंतरराज्यीय चोर गिरोह है। डॉ. अमृता दुहन ने बताया- पुलिस को चकमा देने के लिए आरोपी रूट बदलते रहे। उदयपुर से ट्रेन से चित्तौड़गढ़ जनरल टिकट से गए। इसके बाद किराए पर टैम्पो लेकर चित्तौड़गढ़ से कोटा गए। दूसरी बस से बारां के लिए रवाना हो गए। बारां से ग्वालियर से बस में होते हुए शिवपुरी पहुंचे। शिवपुरी से धौलपुर आ गए। धौलपुर से बस में आगरा पहुंचे। इसके बाद बीहड़ में ज्वेलरी छिपा दी। उदयपुर में मिले सीसीटीवी में आरोपियों की फोटो को आगरा में लोगों को दिखाकर पूछताछ की। इसमें एक आरोपी को किसी ने पहचान लिया। इसके आधार पर पुलिस की कार्रवाई जुड़ती गई। पुलिस बीहड़ में पहुंची। आरोपी आगरा में बीहड़ के पास गांव में अपने रिश्तेदारों के पास रुके हुए थे। 3 को पकड़ा, एक फरार की तलाश जारी पुलिस ने आरोपी धनपाल , आनंद और गुड्डू को आगरा से मंगलवार को पकड़ा। इनमें धनपाल के खिलाफ पहले से 3 मामले और आनंद के खिलाफ चोरी-नकबजनी के 2 मामले दर्ज हैं। वहीं फरार चल रहे मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों से 60 लाख रुपए के सोना-चांदी और हीरे की ज्वेलरी बरामद की है। 29 जुलाई की रात हुई थी वारदात, सीसीटीवी में हो गई थी रिकॉर्ड उदयपुर में नवीन ज्वैलर्स के प्रोपराइटर नवीन स्वरूपरिया ने हाथीपोल थाने में 30 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 29 जुलाई की रात चोर दुकान का साइड शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर शोरूम में घुसे थे। चोर शोरूम से करीब 22 लाख रुपए के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के आभूषण और बर्तन सहित 9.75 लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए थे। चोरी हुए माल की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई थी।
ये खबरें भी पढ़ें... ज्वेलरी शॉप से 22-लाख के हीरे समेत 1-करोड़ की चोरी;VIDEO:शटर उखाड़कर घुसे; कांच का गेट तोड़ा, चोरों ने टॉर्च जलाकर एक-एक बॉक्स खंगाला उदयपुर में ज्वेलरी शॉप का शटर उखाड़कर चोर करीब एक करोड़ रुपए की ज्वेलरी चुरा ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई। सुबह 8 बजे दुकान का कर्मचारी पहुंचा तो शटर टूटा देखकर मालिक को फोन किया। (पूरी खबर पढ़ें)