उदयपुर जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक हादसा हो गया। यहां टोल प्लाजा के पास एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार 6 लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाले 2 दोस्तों के परिवार के 7 सदस्य इनोवा कार से उदयपुर घूमने आए थे। वापसी के दौरान खेरवाड़ा टोल प्लाजा के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे की खबर मिलते ही हाईवे एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर पास के डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में घायल हुए लोगों के सिर और हाथों में गंभीर चोटें लगी हैं। डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज के बाद सभी घायलों को अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।