उदयपुर में एक महिला ने अपने सगे भाई के खिलाफ तत्कालीन सरपंच की मिलीभगत से धोखाधड़ी से भूमि हड़पने का मामला दर्ज कराया है। प्रार्थिया मधु व्यास पत्नी स्व. सुरेंद्र कुमार व्यास निवासी कांकरोली ने बड़गांव थाने में शिकायत दी। इसमें बताया- मेरे स्व. पिता सुंदरलाल की बड़ी गांव में 2.315 हैक्टेयर भूमि है। मेरे भाई भूपेंद्र जोशी ने 17 जून 2003 को तत्कालीन सरपंच और राजस्व अधिकारियों के साथ मिलकर एक फर्जी नक्शा तैयार किया। इसमें यह झूठ दिखाया गया कि सुंदरलाल की कोई बेटी नहीं है। फिर धोखाधड़ी से पूरी जमीन का नामांतरण अपने नाम करवा लिया। जबकि हम 4 बहनें (दिनेश, गिरीजा, लीला, मधु) हैं और चारों जीवित हैं। हमारा इकलौता भाई भूपेंद्र है। शिकायत में बताया कि शक होने पर मैंने हाल ही नामांतरण की नकल विभाग से प्राप्त की तो धोखाधड़ी का पता लगा। मैंने भाई से इसका कारण पूछा तो वह कूटरचित दस्तावेजों को ही सही ठहराने लगा। प्रार्थिया का आरोप है कि मेरे भाई ने तत्कालीन सरपंच और राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस से मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। वहीं मामले की जांच कर रहे डीएसपी मुकेश चौधरी ने बताया कि मामला दर्ज हुआ है। फिलहाल मैं चुनाव ड्यूटी में हूं। फ्री होकर इस मामले की जांच करूंगा।