उदयपुर में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने रोड शो के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोड शो में कार्यकर्ताओं और नेताओं में जोश भरते हुए 60 से ज्यादा वार्ड जीतने का लक्ष्य दिया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने जिसे ‘काकाजी’ माना, उसी ने वन स्टेट-वन इलेक्शन करवाया। CM के रोड शो में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक नजर आए। उदयपुर शहर के सूरजपोल से बापूबाजार तक बड़ी संख्या में लोगों पर सीएम ने फूल बरसाए और लोगों ने भी उनका स्वागत किया। रोड शो के समाप्ति पर सीएम ने जनता और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया और अपनी सरकार के काम गिनाए। सीएम के रोड शो के साथ भाजपा ने ताकत दिखाई। यहां पर रात को एक बैठक हुई, जिसमें सीएम भजनलाल ने नेताओं को उदयपुर नगर निगम में 60+ का टारगेट दिया। सीएम सूरजपोल से बापू बाजार होते हुए देहली गेट बैंक तिराहे तक रोड शो कर रहे है। सबसे पहले उन्होंने सूरजपोल चौराहा पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। रोड शो बापूबाजार होकर आगे बढ़ा और समापन पर सीएम का संबोधन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वन स्टेट-वन इलेक्शन के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब भाजपा ने राजस्थान में वन स्टेट-वन इलेक्शन कराने की बात कही थी, तब कांग्रेस के लोगों ने कहा था कि ‘काकाजी भी नहीं करा सकते।’ मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा, आज मैं कांग्रेस के लोगों को जवाब देना चाहता हूं। आप काकाजी किसे मान रहे हैं? और जिसको काकाजी मान रहे हैं, वो आपके सामने वन स्टेट-वन इलेक्शन करा रहा है। सीएम के साथ गाड़ी में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, शहर विधायक ताराचंद जैन और ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सवार थे। भाजपा ने इस रोड शो के जरिए शहर में अपनी चुनावी ताकत दिखाने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने की तैयारी की है। भाजपा का उदयपुर शहर 60+ का लक्ष्य उदयपुर नगर निगम चुनाव भाजपा के लिए खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पिछले करीब तीन दशकों से नगर निगम बोर्ड पर काबिज रही है। इस बार भाजपा ने 80 वार्डों में मिशन 60+ का लक्ष्य रखा है। नए परिसीमन के बाद बदले समीकरण, बागी प्रत्याशियों और संभावित भितरघात के बीच मुख्यमंत्री का यह रोड शो पार्टी के लिए अहम माना जा रहा है। बता दे कि 1994 से लेकर अब तक हुए तमाम निगम चुनावों में वार्डों की संख्या बढ़ने के बावजूद भगवा परचम लहराता रहा है। इस बार मेयर पद जनरल ओपन होने और नए परिसीमन के चलते मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। देखिए- सीएम के रोड की PHOTOS
निर्दलीय उम्मीदवार ने कांग्रेस के समर्थन में नामांकन वापस लिया इधर, कांग्रेस पार्टी में भी चुनाव को लेकर जनसंपर्क और बैठकें हो रही है। पार्टी प्रत्यार्शियों के अलावा पार्टी नेता दौरा कर रहे है। वार्ड संख्या 1 से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल कर चुनाव चिह्न प्राप्त कर चुके खुशवंत शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस उम्मीदवार संजय शर्मा के समर्थन में अपना नामांकन वापस लेने और पार्टी हित में उनके पक्ष में कार्य करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष गुलाबसिंह राव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच जमनालाल शर्मा, सहकारी समिति अध्यक्ष घनश्याम त्रिवेदी, वार्ड 1 कांग्रेस प्रभारी भूपेश चौबीसा, भुवनेश व्यास, नरेंद्र सुथार, गणपत शर्मा आदि मौजूद रहे।