उदयपुर शहर में दुकानों के बाहर से नगर निगम ने रविवार को अतिक्रमण हटाया। टीम ने सूरजपोल से गुलाबबाग रोड पर बाबूजी जोधपुर मिष्ठान भंडार, प्रताप चाट कचोरी के बाहर बनाए अस्थायी निर्माण हटाए। दुकानों के बाहर कस्टमर की गाड़ियां सड़क सीमा में खड़ी रहने से जाम लगने से आम लोग परेशान होते थे। बाबूजी जोधपुर मिष्ठान भंडार ने अतिक्रमण कर एक स्ट्रक्चर बना रखा था, निगम की राजस्व शाखा की टीम ने इसे हटाया। स्ट्रक्चर के आगे ग्राहकों की गाड़ियां खड़ी रहती थी, जिससे सड़क बाधित होती थी। वहीं पास ही प्रताप चाट कचोरी पर भी निगम की टीम ने कार्रवाई की। वहां पर बाहर थैला था, उसे ​हटाया गया। निगम की टीम ने इस दौरान इन दुकानों के वहां से निगम की टीम ने इलेक्ट्रिक भट्टी, काउंटर और अन्य सामान जब्त किया। बता दें कि एक दिन पहले शनिवार को यहां लंबा जाम लग गया था। इस दौरान यहां से मेयर पारस सिंघवी गुजर रहे थे। सिंघवी भी जाम देखकर दंग रह गए और उन्होंने खुद व्यवस्थाएं संभालते हुए वाहन निकलवाए थे। वीकेंड पर रहती है भीड़ उल्लेखनीय है कि सूरजपोल में पुराने पुलिस कंट्रोल रूम से गुलाब बाग वाली रोड पर मिष्ठान भंडार की दुकानों के बाहर बड़ी संख्या में गाड़ियां सड़क सीमा में लग जाती हैं, जिससे ये पूरा रोड जाम रहता है। वीकेंड के दिनों में और शनिवार-रविवार को यहां बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होने पर यहां जाम लगना आम हो गया है। सुबह के समय जब नाश्ते के लिए यहां लोग आते, तब बड़ी संख्या में सड़क सीमा में गाड़ियां खड़ी होती हैं। टीम में राजस्व शाखा के विजय जैन, मोहित अग्निहोत्री आदि साथ थे। टीम ने पाबंद किया कि आगे यहां सड़क सीमा में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करें।