उदयपुर से भाजपा विधायक ताराचंद जैन ने राष्ट्रभक्त मुस्लिमों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पित मुस्लिम हमारे सिर का ताज हैं, जबकि राष्ट्रद्रोहियों के लिए कोई जगह नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उदयपुर 3 निकायों में कल मतदान होना है और मतदान दलों को रवाना किया जा चुका है। दरअसल, उदयपुर जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। 9 सितंबर को जिले के तीन निकायों वल्लभनगर, भींडर और फतहनगर-सनवाड़ में मतदान होगा। भाजपा विधायक ने राष्ट्रभक्त मुस्लिमों को सिर का ताज बताया इधर, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने राष्ट्रभक्त मुस्लिमों को सिर का ताज बताया है, लेकिन राष्ट्रद्रोहियों के लिए मन में कोई जगह नहीं होने की बात भी कही है। उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम को भाजपा ने अपने सिर का ताज बनाया था। ताराचंद जैन ने खांजीपीर को मिनी पाकिस्तान को बताया था पिछले दिनों उदयपुर के खांजीपीर को मिनी पाकिस्तान बताने के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक जैन ने कहा था कि कन्हैयालाल हत्याकांड के हत्यारे यहीं से थे। NIA की जांच में उनके कनेक्शन पाकिस्तान से जुड़े मिले थे। उस समय जांच में यह भी सामने आया था कि दोनों ट्रेनिंग के लिए पाकिस्तान तक गए थे और ये बातें उस समय मीडिया में भी आई थीं। जैन ने दोहराया कि जो भी राष्ट्रभक्त मुस्लिम है, वह हमारे लिए सिर का मुकुट है और राष्ट्रद्रोही कोई भी हो, उसके लिए हमारे मन में कोई स्थान नहीं है। विधायक जैन ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में शहर में शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, सुरक्षा, बिजली और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान चुनाव संयोजक रजनी डांगी, शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह, महामंत्री देवीलाल सालवी सहित कई भाजपा उम्मीदवार मौजूद रहे। प्रथम चरण के लिए 80 मतदान दल रवाना इससे पहले आज(मंगलवार) दिन में टाउनहॉल स्थित नगर निगम परिसर से प्रथम चरण के मतदान के लिए कुल 80 मतदान दल रवाना हुए हैं। इनमें 15 आरक्षित मतदान दल भी शामिल है। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी सहित 4 मतदान कार्मिक हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 200 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इससे पहले नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार में मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय को मतदान प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्र सिंह राठौड़ और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़ के निर्देशन में हुआ। सहायक प्रभारी डॉ. महामाया प्रसाद चौबीसा ने मतदान कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी मतदान दल अपने-अपने आवंटित नगरपालिका मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर बनाए गए चिह्नित वितरण एवं संग्रहण केंद्रों से मतदान दलों को मतदान सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। एडीएम जितेंद्र ओझा ने बताया कि मतदान के बाद ईवीएम संबंधित नगर पालिका क्षेत्र में बनाए गए स्ट्रॉन्ग रूम पर जमा होगी और मतगणना वहीं होगी। नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाए…