उदयपुर शहर में लंबे समय बाद श्री रामलीला समिति के बैनर तले रामलीला का आयोजन होने जा रहा है। यह धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम सूरजपोल के बाहर स्थित निम्बार्क कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। रामलीला का मंचन 9 अक्टूबर से शुरू होकर 18 अक्टूबर तक चलेगा। इसका समय प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद, दशहरे के अवसर पर 20 अक्टूबर को सेक्टर-14 में रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वृंदावन के 40 कलाकार करेंगे मंचन समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने मंगलवार को बताया कि उदयपुर में इस बार दस दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस मंचन के लिए वृंदावन के 'पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान' के 40 कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। ये कलाकार अपने अभिनय और कला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को मंच पर प्रस्तुत करेंगे। 20 अक्टूबर को रावण दहन समिति के महासचिव भंवरलाल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे चरण में 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे सेक्टर-14 स्थित कल्लाजी बावजी चौराहे पर रावण दहन किया जाएगा। इस अवसर पर पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों और स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। प्रेसवार्ता के दौरान समिति के संरक्षक डॉ. विजय विप्लव, समन्वयक अशोक बाबेल और प्रवक्ता कौशल मूंदड़ा भी उपस्थित थे।