उदयपुर में एक मकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से हड़कंप मच गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि मकान का मुख्य गेट, लोहे का जंगला और खिड़कियां टूटकर सड़क की ओर जा गिरीं। गनीमत रही कि हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। परिवार के लोग आधे घंटे पहले ही बाजार के लिए निकले थे। उदयपुर के ओगणा थाना क्षेत्र में रामनाथ महादेव मंदिर के सामने मंगलवार दोपहर यह हादसा हुआ। ओगणा निवासी बंशीलाल पुत्र दौलतराम का रामनाथ महादेव के सामने मकान में यह हादसा हुआ। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। घर से निकलने के आधे घंटे बाद हुआ हादसा जानकारी के अनुसार- परिजन मकान पर ताला लगाकर बाजार निकले थे। करीब आधे घंटे बाद घर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज से आसपास का क्षेत्र दहल उठा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार- ब्लास्ट से मकान का मुख्य दरवाजा और लोहे का जंगला टूटकर सड़क से दूर जा गिरे। घर की खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक तौर पर घटना शॉर्ट सर्किट से होना बताया जा रहा है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल