उदयपुर की हिरणमगरी थाना पुलिस और एसपी स्पेशल टीम (DST) ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी से करीब 50 लाख रुपए कीमत की 470 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद की। मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। तस्कर इस नशीली खेप को उदयपुर से बाड़मेर ले जाने की फिराक में थे। पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर ली। उमरड़ा घाटा से खेड़ा बावजी की तरफ जाने वाले रास्ते पर बुधवार को यह कार्रवाई की गई। हिरणमगरी थानाधिकारी रविंद्र सिंह चारण ने बताया- जिला एसपी डॉ. अमृत दुहन के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। पुलिस ने आरोपी मनीष (26) पुत्र रमेश मेघवाल निवासी कूण (सलूंबर), शंकर (33) पुत्र वैणीराम गायरी निवासी जैवाणा (फतहनगर उदयपुर) और नरेश (27) पुत्र किशनराम विश्नोई निवासी गोडा गांव (चौहटन बाड़मेर) का दर्ज की। तलाशी के दौरान आरोपी शंकर से 204 ग्राम और नरेश से 266 ग्राम एमडीएमए मिला। नाकाबंदी देख भागने की कोशिश, पुलिस ने दबोचा सूचना मिलते ही हिरणमगरी पुलिस और एसपी स्पेशल टीम ने बताए गए रास्ते पर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में सामने से बिना नंबर की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ने और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर गाड़ी रुकवा ली। गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जो पुलिस को देखकर घबरा गए और जवाब नहीं दे पाए। संदेह होने पर पुलिस ने तीनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों से भारी मात्रा में एमडीएमए बरामद हुआ। सीसीटीवी और टोल से बचने के लिए बिना नंबर की गाड़ी पूछताछ में सामने आया कि तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पहचान छुपाने के लिए स्कॉर्पियो पर नंबर प्लेट नहीं लगाई थी। वे मेवाड़ से मारवाड़ के रूट पर इस गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे, ताकि किसी भी नाके पर गाड़ी ट्रेस न हो सके। बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उदयपुर में इन्हें यह ड्रग्स किसने सप्लाई की थी और बाड़मेर में यह खेप किसे सौंपी जानी थी। पुलिस को अंदेशा है कि इस तस्करी के पीछे अंतरराज्यीय ड्रग्स माफिया का हाथ हो सकता है। आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल और वॉट्सएप चैट भी खंगाले जा रहे हैं।