उदयपुर की सवीना थाना पुलिस ने 10 दिन पहले हिस्ट्रीशीटर पर फायरिंग के मामले में भागे दो इनामी बदमाशों को मदद करने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामले में रामपुरा हाल हरियाणा निवासी तौफिक खान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि एक दिन पहले पकड़े गए आरोपी उस्मान गनी और मोहसिन काणा की फरारी के दौरान मदद की थी। इसने पुलिस से बचाने के लिए आरोपियों को छिपने के लिए ठिकाने उपलब्ध करवाए। साथ ही आर्थिक मदद भी की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। उधर, एसपी डॉ अमृता दुहन ने अपराधियों को पनाह देने और मदद करने वालों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों की सहायता करने वालों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। 29 अगस्त हुई थी फायरिंग की वारदात अरदीन उर्फ लाला 29 अगस्त की रात को बलीचा स्थित एक होटल में अपने साथियों के साथ जन्मदिन मना रहा था। रात करीब 2:30 बजे हिस्ट्रीशीटर मुजफ्फर उर्फ गोगा गिरोह के उस्मान गनी और मोहसिन काड़ा समेत 6 बदमशों ने अरदीन पर हमला कर दिया। अरदीन पक्ष के जवाबी पथराव के बाद हमलावर भाग निकले। घटना का पता चलने पर अरदीन का बड़ा भाई हिस्ट्रीशीटर फरदीन उर्फ गांजा बदमाशों का पीछा करता हुआ सवीना स्थित बरकत कॉलोनी जा पहुंचा। वहां उस्मान ने फरदीन पर फायरिंग कर दी। फरदीन को कंधे में 2 गोली लगी और वह गंभीर घायल हो गया। उसे साथी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। इसके बाद अरदीन ने सवीना में उस्मान के मामा इरशाद के घर में तोड़फोड़ कर दी थी।