उदयपुर जिले के पुनावली गांव में बुजुर्ग दंपती का मर्डर गांव के ही 3 युवकों ने अपने 3 साथियों के साथ मिलकर किया था। आरोपियों पर बहुत कर्जा हो गया था, जिसे चुकाने के लिए लूट का प्लान बनाया और रात को बुजुर्ग पति-पत्नी के घर में घुसकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शवों को प्लास्टिक की थैली में लपेटकर बक्से से डाल दिया और ऊपर बिस्तर रख दिए। इसके बाद कमरे और बरामदे सहित घर में लगे खून के धब्बों की सफाई की और सोने-चांदी के गहने, नकदी लेकर फरार हो गए। आरोपी युवक बुजुर्ग दंपती के जूते-चप्पल भी साथ ले गए थे, ताकि सूना घर देखकर परिजनों-रिश्तेदारों को लगे कि दोनों घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 1 आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मुख्य आरोपी समेत 5 हत्यारे गिरफ्तार
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- सायरा थाना इलाके में घर में सो रहे बुजुर्ग लहरीलाल (65) और उनकी पत्नी राधाबाई (62) की हत्या के आरोपी कुशल पालीवाल पुत्र मांगीलाल, किशन पुत्र देवीलाल पालीवाल और जीवन पुत्र भैरूलाल पालीवाल, चंदन पुत्र प्रवीण यादव और दिलीप पुत्र कनिकराम चौधरी को गिरफ्तार किया है। 3 आरोपी कुशल, किशन और जीवन पुनावली गांव के ही रहने वाले हैं, जबकि चंदन और दिलीप सूरत (गुजरात) के रहने वाले हैं। मुख्य आरोपी कुशल सूरत में प्रवीण और दिलीप के साथ रहता था। तीनों जिम ट्रेनर का काम करते थे। आरोपी अच्छी लाइफ स्टाइल जीने के शौकीन थे। इन्होंने लोगों से उधार और बैंक से लोन लिया हुआ था। 1 महीने पहले कर ली थी हत्या-लूट की प्लानिंग
एसपी ने कहा- आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बढ़ते कर्ज और आर्थिक तंगी के चलते कुशल ने 1 महीने पहले हत्या और लूट की प्लानिंग कर ली थी। बुजुर्ग दंपती गांव में अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा परिवार के साथ अहमदाबाद (गुजरात) में रहता है। ऐसे में बुजुर्ग दंपती उसे सॉफ्ट टारगेट लगे। कुशल ने चचेरे भाई किशन और जीवन के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती का डेली रूटीन पता किया। 10 अगस्त की रात को लूट-हत्या के लिए कुशल और चंदन बुजुर्ग दंपती के घर गए। कुशल के पड़ोसी होने के कारण राधाबाई ने उसे घर में आसानी से प्रवेश दे दिया। भूख लगने पर दोनों को खाना भी खिलाया। इस दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती को मारने की कोशिश की, लेकिन लोगों की आवाजाही होने से हत्या नहीं कर पाए। इसके बाद आरोपी वहां से निकल गए और पदराड़ा के आसपास जगह देखकर गाड़ी में ही सो गए। अगले दिन (11 अगस्त) रात को आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती का मर्डर कर दिया। जन्मपत्री दिखाने के बहाने घर आए, 1 आरोपी बाथरूम में छुपा
थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया- लहरीलाल दूध बेचने के साथ जन्मपत्री देखने का काम करते थे। 11 अगस्त को आरोपी किशन पालीवाल और जीवन पालीवाल जन्मपत्री दिखवाने उनके घर पहुंचे। इस दौरान मौका देखकर तीसरा आरोपी कुशल घर में घुसा और बाथरूम में छुप गया। इसके बाद कुशल ने किशन और जीवन को मोबाइल पर मैसेज कर बताया कि मैं अंदर आकर छुप गया हूं, तुम दोनों बाहर चले जाओ। इसके बाद दोनों आरोपी घर से चले गए और कुशल रात में दंपती के सोने का इंतजार करने लगा। दंपती के सोते ही कुशल ने बाकी बदमाशों को मैसेज कर बुलाया और दरवाजा खोलकर अंदर ले लिया। आरोपियों ने लहरीलाल के सिर पर 4 से 5 बार हथोड़ा मारकर हत्या कर दी। गला घोंटकर राधाबाई को भी मार दिया और फरार हो गए। बदबू आने पर बक्सा खोला तो अंदर दोनों के शव मिले
अगले दिन (12 अगस्त) लहरीलाल दूध देने नहीं पहुंचे तो पड़ोसी ने घर जाकर देखा। दरवाजा खुला था और अंदर कोई नहीं था। पड़ोसियों ने राजकोट (गुजरात) में नौकरी करने वाले उनके बेटे मनोहर को सूचना दी। मनोहर ने अपने रिश्तेदारों को फोन कर घर जाने और आसपास तलाश करने को कहा। रिश्तेदारों को भी उनका कुछ पता नहीं चला। माता-पिता के लापता होने की खबर सुनकर मनोहर खुद गांव आया और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई। 14 अगस्त को एक परिजन ने घर से बदबू आने पर हर कोने में देखा। बक्से की तरफ से बदबू आने पर उसे खोलकर देखा तो दोनों के शव थे। ये खबर भी पढ़ें घर में बक्से में बंद मिले पति-पत्नी के शव:थैली में लिपटे थे; दो दिन से लापता थे; पुलिस ने जताई हत्या की आशंका उदयपुर के सायरा थाना इलाके में बुजुर्ग पति-पत्नी के शव घर में बक्से में बंद मिले। दोनों 12 अगस्त की सुबह से लापता थे। बदबू आने पर परिजनों ने घर के हर कोने में देखा। बक्से की तरफ से बदबू आने पर खोलकर देखा तो उसके अंदर प्लास्टिक की थैली में दोनों के शव थे। (पूरी खबर पढ़ें)