उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह कमजोर मानसून रहने की संभावना है। ऐसे में बारिश कम आने के आसार हैं। बीता सप्ताह भी सूखा ही निकला था। आज भी मौसम सामान्य है। उदयपुर शहर में आज सुबह से ही तेज धूप निकलने के साथ ही मौसम पूरी तरह से साफ था। रविवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ था। दिन में धूप खिली लेकिन बीच-बीच में कुछ समय के लिए बदल छाए रहे। शाम होते होते मौसम में ठंडक का अहसास होने लगा। उदयपुर में तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। दिन का तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया और आगे भी तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव है। 26 और 27 अगस्त से मानसून के और कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके चलते पश्चिमी राजस्थान के साथ पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि 25 से 27 अगस्त के बीच उदयपुर संभाग के लिए इस अवधि में किसी बड़े बारिश के दौर का संकेत नहीं दिया गया है। उदयपुर संभाग में भी कमजोर मानसून के बीच तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।