उदयपुर में बारिश का इंतजार बढ़ता जा रहा है, लेकिन पिछले कई दिनों से बूंद तक नहीं गिरी। अभी आगे भी अगस्त महीने में बारिश की कोई संभावना नहीं बताई जा रही है। अब 2 सितंबर के बाद मौसम बदलने की संभावना है। शुक्रवार सुबह शहर में ठंडी हवाएं चलीं। कुछ समय के लिए आसमान में बादल भी छाए, लेकिन इसके बाद तेज धूप निकल आई। दिनभर मौसम सामान्य रहा और बारिश के आसार नहीं बने। इससे पहले गुरुवार को भी लेकसिटी में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहा। सुबह धूप निकली, इसके बाद कुछ समय बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। डबोक मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार को उदयपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले चार दिन मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के कारण व्यापक बारिश की संभावना फिलहाल कम है। उदयपुर के लिए मौसम विभाग के सात दिन के पूर्वानुमान में 28 अगस्त से 1 सितंबर तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 22 से 23 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 2 सितंबर को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना भी पूर्वानुमान में दिखाई गई है। उदयपुर के मौसम एक्सपर्ट डॉ.आर.एस.देवड़ा ने बताया कि आगे दक्षिणी राजस्थान मे कही कही हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।वैसे 2 से 3 सितम्बर तक मौसम शुष्क रहेगा। हल्के बादल बने हुए रहेंगे और तापमान यथावत बना रहेगा। उदयपुर के जलाशयों में जलस्तर (आंकड़े मीटर में)