कस्बे सहित आसपास के 24 गांवों में बिजली निगम की ओर से रोजाना रात के समय की जा रही बिजली कटौती से करीब 60 हजार की आबादी परेशान है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली निगम ने कटौती के रवैये में कोई बदलाव नहीं किया है।ग्रामीणों के अनुसार रात के समय लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस और गर्मी के बीच बिजली गुल होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को दिक्कतें हो रही हैं। वहीं किसानों को भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती का कोई निश्चित समय भी स्पष्ट नहीं होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कई बार रात में अचानक बिजली बंद कर दी जाती है और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होती।ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप करते हुए बिजली निगम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर रात के समय होने वाली अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाबंद करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज करवाकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।