मेडिकल डेंटल काउंसलिंग बोर्ड जयपुर राजस्थान द्वारा नीट यूजी-2026 के तहत 85% स्टेट कोटा एमबीबीएस-बीडीएस काउंसलिंग राउंड-3 का प्रोविजनल सीट आवंटन परिणाम 9 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। जबकि, फाइनल सीट आवंटन परिणाम 10 अक्टूबर को जारी होगा। इस संबंध में बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट पर बुधवार को नोटिफिकेशन जारी किया गया। एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि काउंसलिंग राउंड-3 में आवंटित एमबीबीएस सीट पर नॉन-जॉइनिंग पेनल्टी का नियम सख्ती से लागू होगा। यदि कोई विद्यार्थी आवंटित सीट को जॉइन नहीं करता है, तो उसकी जमा सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली जाएगी। इसके साथ ही वह आगामी स्ट्रे-वैकेंसी राउंड में भाग लेने की पात्रता भी खो देगा। सीट-अपग्रेडेशन की सुविधा भी राउंड-3 तक ही सीमित रहेगी। 67.73% एनआरआई सीटों के कोटा-परिवर्तन का इंतजार बोर्ड ने पीडब्ल्यूडी, एनआरआई, जेंडर-पूल और नॉन-डोमिसाइल कैटेगरी सीटों के कैटेगरी परिवर्तन नियम भी जारी किए हैं। वैकेंट सीट मैट्रिक्स के अनुसार राउंड-3 के लिए 231 सरकारी एमबीबीएस सीटें खाली घोषित की गई हैं, जो उपलब्ध सीटों का 10% है। इससे विद्यार्थियों-अभिभावकों में सीट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। 67.73% एनआरआई सीटों के कोटा-परिवर्तन के नियमों के बाद कम प्राप्तांक वाले विद्यार्थियों को भी सीट की उम्मीद है। गवर्नमेंट एमबीबीएस सीटें: कुल उपलब्ध 2,274 सीटों में से 231 सीटें (10.1%) रिक्त हैं। आयूएचएस, सीएमएस व राजमेस मैनेजमेंट सीटें: कुल 991 सीटों में से 57 सीटें (5.7%) रिक्त घोषित की गई हैं। एनआरआई एमबीबीएस सीटें : कुल उपलब्ध 468 सीटों में से 317 सीटें (67.73%) रिक्त हैं।