बांसवाड़ा के गढ़ी थाना क्षेत्र के वजवाना गांव में नवरात्रि की तैयारियों के बीच एक हादसा हो गया। मंदिर पर लाइट डेकोरेशन का काम कर रहे एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ​जानकारी के अनुसार- वजवाना गांव के मंदिर के परिसर में स्थानीय युवक हितेश चरपोटा (28) पुत्र लालेंग नवरात्रि के अवसर पर लाइट डेकोरेशन का काम कर रहा था। इस दौरान अचानक उसका हाथ खुले बिजली के तार के संपर्क में आ गया। उसे जोरदार करंट लगा और उसकी हालत बिगड़ गई। ​अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित ​घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस को सूचित किया। एंबुलेंस से हितेश को गढ़ी थाना क्षेत्र के एमजी अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। ​बिना पोस्टमार्टम के शव ले गए परिजन ​अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई। हालांकि घटना के बाद शोकाकुल परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ घर ले गए।