विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत पावटा के उप जिला अस्पताल में शनिवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने इसका आयोजन किया। शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों और आम लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। उप जिला अस्पताल पावटा के प्रभारी डॉ. रवि बंसल ने बताया कि वे खुद नियमित तौर पर रक्तदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जागरूक नागरिक की तरह आगे आएं और रक्तदान करें। डॉ. बंसल ने कहा कि इमरजेंसी में खून किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। इसलिए ऐसे शिविरों में हिस्सा लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना चाहिए। जिले में 13 जगहों पर लग रहे शिविर जिला कार्यक्रम समन्वयक रविकांत जांगिड़ ने बताया कि जिले में विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत 13 जगहों पर रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों से लोगों को रक्तदान का महत्व बताया जा रहा है। साथ ही उन्हें स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।