भास्कर न्यूज | सादुलपुर यमुना जल समझौते के तहत प्रस्तावित हांसियावास डैम के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का धरना बुधवार को 21वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को बड़ी संख्या में किसानों ने पहुंचकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। आंदोलन को समर्थन देने मरुप्रदेश निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष एवं किसान नेता जयवीर सिंह गोदारा धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आठ गांवों के किसानों को डरने की जरूरत नहीं है। वे किसानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। अगर सरकार जबरन भूमि अधिग्रहण की कोशिश करती है तो किसान एक बार आवाज दें, वे पूरे दल-बल के साथ उनके बीच पहुंचेंगे। किसान नेता महेंद्र सिंह सहारण ने किसानों से एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया। महिला किसान नेता मीना देवी धानोठी ने जोशीले अंदाज में सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि किसान अपनी जमीन के लिए पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि एकता के बल पर किसान इस आंदोलन को जीतेंगे।