भास्कर न्यूज| जैसलमेर ओरण प्रेमियों की ओर से जिले में 5 से 7 सितंबर को तीन दिवसीय तालाब बचाओ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा जैसलमेर शहर के जोशीसर तालाब से शुरू होकर विभिन्न जलस्रोतों तक पहुंची, जहां प्रतिभागियों ने तालाबों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और कई जगह श्रमदान किया। यात्रा का समापन गड़ीसर तालाब पर सफाई अभियान के साथ हुआ। इसके बाद गड़ीसर स्थित लक्ष्मीचंद वीरभान पुरोहित बगेची के नीचे नवनिर्मित पठियाल में तालाब संरक्षण सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले के गांवों में तालाबों व कुओं की सफाई, जीर्णोद्धार और नियमित देखरेख करने वाले व्यक्तियों, स्थानीय टीमों, जल संरक्षण संस्थाओं तथा बगेची के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस दौरान टीम ओरण के सदस्यों ने पारंपरिक जलस्रोतों के महत्व, उनके आगोर, पाल और ऐतिहासिक पठियालों के वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं विभिन्न गांवों से आए बुजुर्गों ने अपने पारंपरिक जल प्रबंधन के अनुभवों से युवाओं को संरक्षण के लिए प्रेरित किया।