झड़ाया नगर मुख्य सड़क मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। बुधवार को पानी से भरे एक भारी टैंकर का टायर गड्ढे में गिरने से टैंकर पलट कर एक घर के दरवाजे में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के समय सड़क पर टैंकर के आसपास कोई वाहन या राहगीर नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के मुख्य स्टैंड से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान तक झड़ाया सड़क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है। इसी मार्ग पर स्वास्थ्य केंद्र, पंचायत भवन, बालिका विद्यालय व कई निजी विद्यालय होने से यह सड़क दिनभर व्यस्त रहती है। इस सड़क मार्ग से प्रतिदिन सैंकड़ों स्कूली विद्यार्थी पैदल गुजरते हैं। जिनको इस क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग व कीचड़ से गुजरना पड़ता है। वहीं सड़क की चौड़ाई कम होने से बड़े वाहनों से भी हादसे के आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ साल पहले तीजा वाले जोहड़ से जलदाय विभाग के पंप हाउस तक पेयजल पाइपलाइन डालने के लिए सड़क को खोदा गया था। जिससे सड़क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के साथ साथ नालियां भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। उसके बाद सड़क मार्ग व नालियों का पुनर्निर्माण नहीं करवाया गया था। वहीं नालियां नहीं होने से घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीसी सड़क पर फैलकर बहने लगा। जो धीरे-धीरे सड़क मार्ग के नीचे भरने सड़क मार्ग नीचे से खोखला हो गया, जिससे भारी वाहनों के गुजरने पर सड़क टूट गई और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए। राकेश बड़सरा ने बताया कि इस सड़क मार्ग की समस्या को लेकर पूर्व में 2023 में भी सड़क संघर्ष समिति बनाकर प्रशासन को अवगत कराया गया था। जिसको लेकर प्रशासन ने सड़क मार्ग का नवनिर्माण व चौड़ीकरण के लिए चिह्नीकरण भी करवाया था। अभी तक समस्या का कोई स्थाई समाधान नहीं हुआ।