देश के मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ दक्षिण भारत पर चक्रवाती तूफान का खतरा मंडरा रहा है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर भी चिंताजनक बना हुआ है।
चक्रवात 'अकवान' का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ चक्रवाती तूफान 'अकवान' अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, इसके 19 नवंबर की सुबह तक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पहाड़ों में बर्फीली ठंड
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और बारिश के कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई राज्यों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ में बर्फबारी के बाद पारा लुढ़ककर -11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड के कारण बद्रीनाथ में नदी का पानी तक जमने लगा है। कश्मीर घाटी में भी मौसम ने करवट ली है, जहां गुलमर्ग में तापमान -3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात रही।
दिल्ली में हवा हुई 'खराब'
ठंड के साथ-साथ दिल्ली के लोगों को खराब हवा का सामना भी करना पड़ रहा है। मंगलवार सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 238 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। हालांकि, कुछ इलाकों में स्थिति और भी खराब है। सिरिफोर्ट में AQI 333 तक पहुंच गया है, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंता का विषय है।