महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने सोमवार को कहा कि उसने 3 अक्टूबर को होने वाली राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 को टाल दिया है। इसने महाराष्ट्र सिविल इंजीनियरिंग मुख्य परीक्षा 2026 और महाराष्ट्र ग्रुप-B (नॉन-गजेटेड) मुख्य परीक्षा को भी टाल दिया है। परीक्षाओं की नई तारीखों की जानकारी अलग से दी जाएगी। आयोग ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की कॉपियां फिर से जांची जाएंगी। यह फैसला ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा के पेपर लीक और आयोग की परीक्षाओं के संचालन को लेकर उम्मीदवारों के विरोध के बीच लिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… यूनेस्को प्रोग्राम के तहत ओडिशा के 74 और गांव 'सुनामी के लिए तैयार' घोषित, संख्या बढ़कर 100 हुई ओडिशा के 74 और तटीय गांवों को UNESCO-IOC प्रोग्राम के तहत "सुनामी के लिए तैयार" घोषित किया गया, जिससे राज्य में ऐसे गांवों की कुल संख्या 100 हो गई है। यह मान्यता बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों के तटीय गांवों के फील्ड वेरिफिकेशन के बाद यहां नेशनल सुनामी रेडी बोर्ड (NTRB) और ओडिशा सरकार की बैठक में घोषित की गई। सुप्रीम कोर्ट का पश्चिम बंगाल उपचुनाव से पहले SIR वाली याचिकाएं सुनने से इनकार; 6 अक्टूबर को होगी वोटिंग सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में वोटर लिस्ट के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) से जुड़ी अपीलों पर सुनवाई को पहले करने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। राज्य की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 6 अक्टूबर को होंगे। चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच ने कहा कि इस मामले पर 5 अक्टूबर को सुनवाई होगी। इस मामले में तुरंत सुनवाई की मांग इसलिए की गई क्योंकि पहले इस पर 29 सितंबर को सुनवाई होनी थी, लेकिन अब इसे 5 अक्टूबर के लिए लिस्ट किया गया था। जल्दी सुनवाई की मांग करते हुए वकील ने कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने के खिलाफ 18,000 से ज़्यादा अपीलें अभी भी सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत बनी अपीलीय ट्रिब्यूनल के पास पेंडिंग हैं। 22 आरोपियों की रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, CBI और सभी दोषमुक्त आरोपियों से मांगा जवाब सोहराबुद्दीन शेख, उसकी पत्नी कौसर बी और उसके साथी तुलसीराम प्रजापति की फेक एनकाउंटर में मौत से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला लिया है। कोर्ट ने 22 आरोपियों को दोषमुक्त करने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर CBI और सभी 22 दोषमुक्त आरोपियों को नोटिस जारी किया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने मामले में जवाब मांगा है। हालांकि, कोर्ट ने साफ किया है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को 2014 में इस मामले में मिली राहत को दोबारा चुनौती नहीं दी जाएगी। यह मामला 2005 का है। आरोप था कि गुजरात और राजस्थान पुलिस ने सोहराबुद्दीन शेख और उसकी पत्नी कौसर बी को बस से अगवा किया था। इसके बाद सोहराबुद्दीन को कथित फेक एनकाउंटर में मार दिया गया। कौसर बी कुछ दिन बाद गायब हो गईं और आरोप लगाया गया कि उनकी भी हत्या कर दी गई। दिल्ली दंगे के आरोपी शरजील इमाम को PhD के लिए पेन ड्राइव इस्तेमाल करने की याचिका, हाईकोर्ट ने तिहाड़ से जवाब मांगा दिल्ली हाईकोर्ट ने 2020 दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम की याचिका पर तिहाड़ जेल प्रशासन से जवाब मांगा है। इमाम ने जेल में पेन ड्राइव में मौजूद रिसर्च सामग्री देखने के लिए कंप्यूटर इस्तेमाल करने की परमिशन मांगी है, ताकि वह अपनी PhD पूरी कर सके। कोर्ट ने जेल प्रशासन को स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। इमाम के वकील के मुताबिक पेन ड्राइव में रिसर्च से जुड़ी 2,132 फाइलें हैं, जिनमें किताबें, रिसर्च पेपर और पुराने रिकॉर्ड शामिल हैं। प्रस्ताव दिया गया है कि सामग्री को बिना इंटरनेट वाले कंप्यूटर में डालकर जेल अधिकारियों की निगरानी में इस्तेमाल करने दिया जाए। हाईकोर्ट में मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को होगी। असम में 2 करोड़ की हेरोइन जब्त, एक गिरफ्तार असम के गुवाहाटी में पुलिस ने एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 262 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के मुताबिक, जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुवाहाटी के सिउज नगर इलाके में की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि असम पुलिस ने ड्रग्स की तस्करी की कोशिश को नाकाम किया है। पश्चिम बंगाल- बीरभूम में बीजेपी बूथ प्रेसिडेंट की गोली मारकर हत्या पश्चिम बंगाल के बीरभूम में बीजेपी बूथ प्रेसिडेंट की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना बोलपुर के वार्ड नंबर 12 में त्रिशूलपट्टी के मिलपट्टी इलाके में हुई। मृतक की पहचान चंदन भल्ला के तौर पर हुई है, जो तमल भल्ला के बेटे थे। वे बोलपुर के वार्ड नंबर 11 में बूथ नंबर 202 के बीजेपी बूथ प्रेसिडेंट थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद दो अज्ञात युवक जिनके चेहरे ढके हुए थे। वे मोटरसाइकिल पर भागते हुए देखे गए। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। मुंबई: पब्लिक टॉयलेट में जहरीली गैस की चपेट में आए दो लोग, मौत मुंबई में रविवार तड़के पब्लिक टॉयलेट के भीतर दो लोग जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इसके चलते दोनों की दम घुटने से मौत हो गई। अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि कौन सा केमिकल था और वह कहां से आया।