पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिसके बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जहर की आशंका
मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में खेती में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक के असर की आशंका जताई गई है। रेखा के परिवार का दावा है कि उन्होंने अनजाने में या किसी स्थिति में हर्बल कीटनाशक का सेवन कर लिया था। हालांकि, उनकी स्थिति के सटीक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 9 बजे रेखा पात्रा अपने हिंगलगंज स्थित घर पर थीं, तभी उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिवार वाले उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां स्थिति में सुधार न होने पर रविवार तड़के करीब 3 बजे उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता शिफ्ट किया गया।
संदेशखाली आंदोलन से मिली थी पहचान
रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान सुर्खियों में आई थीं। महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के लिए आवाज उठाने के कारण उन्हें काफी पहचान मिली थी। 26 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे फोन पर बातचीत की थी। उस दौरान पीएम मोदी ने उनकी हिम्मत की सराहना करते हुए उन्हें 'शक्ति स्वरूपा' कहा था और संदेशखाली की लड़ाई को एक बड़ी उपलब्धि बताया था।