पश्चिम बंगाल सरकार ने अभिनेता से नेता बने मिथुन चक्रवर्ती को बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्हें सरकार का सलाहकार नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि इस जिम्मेदारी के साथ उन्हें सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग में कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलेगा। यानी सरकार में उनकी भूमिका सिर्फ सलाह देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें कैबिनेट मंत्री के बराबर का दर्जा दिया गया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… गुजरात में पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरजी ठुम्मर का 67 की उम्र में निधन गुजरात के अमरेली में पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरजी ठुम्मर का 67 की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। उनकी अंतिम यात्रा आज शाम 5 बजे अमरेली स्थित उनके आवास से शुरू होगी। वीरजी ठुम्मर लंबे समय से बीमार थे और अपने गांव में उनका इलाज चल रहा था। राजनीति के अलावा, वीरजी थुम्मर ने विभिन्न सहकारी संगठनों में भी अपनी सेवाएं दीं। कांग्रेस संगठन और स्थानीय राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहने वाले वीरजी थुम्मर की आक्रामक राजनीतिक शैली ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई। मुख्य चुनाव आयुक्त का 2 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा टला, मंदिर और वॉटरफॉल जाना था मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का 7 और 8 अक्टूबर को होने वाला छत्तीसगढ़ दौरा टाल दिया गया है। दौरे में ज्ञानेश कुमार को दंतेवाड़ा के दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर के चित्रकोट वॉटरफॉल और कवर्धा के भोरमदेव मंदिर जाना था। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी लेटर के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को राज्य अतिथि घोषित किया गया था और उनके लिए जरूरी प्रोटोकॉल की व्यवस्था की गई थी। लेटर में बताया गया कि अपरिहार्य कारणों से दौरा टाल दिया गया है। नई तारीख बाद में बताई जाएगी। केंद्र ने बंगाल के DGP सिद्ध नाथ गुप्ता का कार्यकाल 6 महीने बढ़ाया केंद्र सरकार ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के DGP सिद्ध नाथ गुप्ता का कार्यकाल 6 महीने के लिए बढ़ा दिया। यह उनका दूसरा सेवा विस्तार है। 1992 बैच के बंगाल कैडर के IPS अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को 16 मार्च को विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल का DGP और IGP नियुक्त किया गया था। उन्हें अप्रैल में पहली बार 6 महीने का सेवा विस्तार दिया गया था। उन्हें 30 अप्रैल को रिटायर होना था। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके तहत गुप्ता का कार्यकाल 31 अक्टूबर के बाद 6 महीने के लिए बढ़ाया गया है। टिपरा मोथा के प्रमुख और त्रिपुरा के शाही परिवार के सदस्य प्रद्योत किशोर ने कहा, अगले महीने चुनावी राजनीति छोड़ देंगे त्रिपुरा के शाही परिवार के सदस्य और टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने मंगलवार को घोषणा की कि वे अगले महीने से सक्रिय राजनीति से हट जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए विलेज कमिटी चुनावों में पार्टी की जीत जश्न मनाने का समय नहीं है और "असली जश्न" तभी होगा जब त्रिपुरा समझौते को लागू किया जाएगा। विलेज कमिटी चुनाव के नतीजे आने के बाद एक लाइव सेशन में बोलते हुए देबबर्मा ने कहा कि वे लोगों के साथ खड़े रहेंगे और जब भी उनके अधिकारों पर बात आएगी, वे आवाज उठाएंगे, लेकिन अब वे चुनावी राजनीति में नहीं रहेंगे।