जिले में शिक्षा क्षेत्र में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से संचालित अभिनव पहल भविष्य की उड़ान तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। चौथ का बरवाड़ा ब्लॉक के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जुवाड़ के भौतिक विकास के लिए विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों ने आगे बढ़कर 42 हजार रुपए की राशि प्रदान की। विद्यालय विकास के लिए उपलब्ध कराई गई सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए प्रधानाचार्या चित्रा जैन द्वारा इस सहयोग राशि का चेक सीडीईओ देवी लाल मीणा एवं एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा को सौंपा। एडीपीसी हरकेश मीणा ने कहा कि विद्यालय विकास में ग्रामीणों की यह सहभागिता न केवल विद्यालय की भौतिक सुविधाओं को मजबूत करेगी, बल्कि समुदाय और विद्यालय के बीच सहभागिता की भावना को भी और अधिक मजबूत करेगी। कार्यक्रम अधिकारी (नवाचार) हेमराज मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के प्रावधानों के अनुसार विद्यालय को प्राप्त 42 हजार की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार द्वारा लगभग 63 हजार अतिरिक्त राज्यांश सहित कुल लगभग 1.05 लाख रुपए की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि उपलब्ध राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था तथा फर्नीचर क्रय करने सहित आवश्यक अन्य भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। इन कार्यों से विद्यालय का आधारभूत ढांचा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। अध्यापक मंसाराम ने बताया कि विद्यालय में इससे पूर्व भी ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ के सहयोग से करीब 5 लाख रुपए की लागत से सीसीटीवी कैमरे, इलेक्ट्रिक घंटी, इन्वर्टर, समस्त कक्षा कक्षों में छत के पंखे, पानी की टंकी, वाटरकूलर, प्रिंटर, 12 कुर्सियां, टीचर डेस्क काउंटर, लैब के लिए टीचर काउंटर, स्मार्ट टीवी, म्यूजिक साउंड बक्सा, स्पीच स्टेंड, साइंस लेब सामग्री, संपूर्ण विद्यालय परिसर का रंग रोगन, जरूरतमंद समस्त विद्यार्थियों को जर्सियां, जूते-मौजे वितरण सहित विभिन्न विकास कार्य हो चुके है।