टोंक |दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री व निकाय चुनाव सह-प्रभारी रविंद्र इंद्राज ने टोंक पहुंचकर पंडित राजकुमार शर्मा से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान सनातन संस्कृति, राष्ट्रवाद, युवा शक्ति, भारतीय संस्कारों व राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। पंडित राजकुमार शर्मा ने कहा कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के जीवन-मूल्यों, कर्तव्य, संस्कार और राष्ट्रधर्म की आधारशिला है। आज आवश्यकता है कि युवा आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से भी जुड़े रहें। उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्र का युवा अपनी संस्कृति पर गर्व करता है, कर्तव्यों को समझता है और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखता है, उसे कोई शक्ति कमजोर नहीं कर सकती। युवाओं में चरित्र, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। रविंद्र इंद्राज ने सनातन संस्कृति और भारतीय मूल्यों के संरक्षण तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में गुरुदेव के विचारों की सराहना की। इस दौरान पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता व व्यापार महासंघ के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।