रामसर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन में फॉल्ट के कारण करीब 25 घंटे तक बिजली बंद रही। बुधवार शाम करीब 6 बजे बंद हुई विद्युत आपूर्ति गुरुवार रात करीब 7:30 बजे बहाल हो सकी। इस दौरान रामसर, साम्प्रोंदा सहित लगभग 15 गांव अंधेरे में रहे। बिजली नहीं होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई और ग्रामीणों को गर्मी, मच्छरों व रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ा। अंडरग्राउंड लाइन में फाल्ट होने से विभाग को इसे ढूंढने में परेशानी हुई। इसके बाद जयपुर से मशीन मंगवाई गई। मशीन की मदद से फाल्ट का पता लगाया गया और उसे दुरुस्त करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई। ग्रामीणों के अनुसार बिजली बंद रहने से दैनिक जीवन के कामकाज प्रभावित हुए। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए इधर-उधर जाना पड़ा। दूध डेयरी जैसी दुकानों में पैकिंग थैलियों में रखा दूध, दही, पनीर आदि खराब हो गया। बिजली बंद रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई और ग्रामीणों के सामने पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई। विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित कर्मचारी दिनेश कुमार, राधेश्याम एवं सांवर सिंह रावत का आभार जताया।