उदयपुर सीएमएचओ ने मसालों में मिलावट की शिकायत मिलने के बाद शनिवार को सुखेर में बडौदा बैंक के सामने एक मसाला फैक्ट्री को सीज करने की कार्रवाई की। सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि एक कस्टमर की शिकायत पर विभागीय टीम मैसर्स एसए कानोडवाला फैक्ट्री पर पहुंची थी। वहां ताला लगा मिला। फैक्ट्री प्रतिनिधि को मोबाइल पर करीब 10 ​बार फोन करके सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। ना ही उनकी तरफ से कोई जबाव आया। करीब 6 घंटे इंतजार करने के बाद शाम करीब 5:15 बजे सुखेर थाना पुलिस की मौजूदगी में फैक्ट्री मुख्य गेट को सील कर दिया। साथ ही पार्टनर सैफुद्दीन कानोडवाला को नोटिस जारी किया है। जिसमें कहा कि विभाग को बिना सूचना और उपस्थिति के सील को नहीं खोलें। अगर वे ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। व्यस्तता के कारण नहीं उठाए कॉल: सेफूद्दीन वहीं, मामले में सेफूद्दीन कानोडवाला का कहना है कि मैं किसी काम में व्यस्तता के चलते बाहर था। इसलिए किसी का कॉल अटेंड नहीं कर पाया। सीएमएचओ ने पूर्व में तकनीकी एरर की चलते हमारा एफएसएसएआई लाइसेंस कैंसिल कर दिया था। हमने इसके लिए वापस आवेदन किया, लेकिन बहाल नहीं किया गया। इसे लेकर हमने अब कोर्ट की शरण ली है। जहां से राहत मिलने की उम्मीद है।